NH-343 पर बदहाली का मंजर: सड़क के बीच धंसी कार, रौशन और बृजेश्वर समेत स्थानीय युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल।
स्थान: NH-343, गोदरमाना (रामानुजगंज मार्ग)
दिनांक: 11 अप्रैल, 2026
गोदरमाना/गढ़वा: झारखंड और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग NH-343 पर आज एक बार फिर सड़क की जर्जर हालत ने राहगीरों की जान जोखिम में डाल दी। गोदरमाना के पास सड़क के बीचों-बीच बने एक विशालकाय गड्ढे में एक हुंडई कार अचानक धंस गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह गड्ढे में समा गया, जिससे गाड़ी वहीं फंस गई।
पहला फोटो – गड्ढे में फंसी कार बाल बाल बचे लोग गोदरमाना।इन युवाओं ने संभाला मोर्चा:
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गोदरमाना के स्थानीय युवक तुरंत मदद के लिए आगे आए। किसी सरकारी मदद या क्रेन का इंतजार किए बिना रौशन गुप्ता, रमेश कश्यप, मिथलेश यादव, सोहन कुमार और बृजेश्वर यादव ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। इन युवाओं ने कड़ी मशक्कत और आपसी सहयोग से कार को धक्का देकर सुरक्षित गड्ढे से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों के इस सामूहिक प्रयास की राहगीरों ने जमकर सराहना की।
दूसरी फोटो में – लोगो की मदद से निकाला गया कार।हादसों को दावत दे रहा हाईवे:
मौके पर मौजूद बृजेश्वर यादव और रौशन गुप्ता ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि NH-343 की स्थिति पिछले काफी समय से दयनीय बनी हुई है। रामानुजगंज से गोदरमाना के बीच सड़क कई जगहों पर पूरी तरह छलनी हो चुकी है, जो आए दिन हादसों को दावत दे रही है। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण यह महत्वपूर्ण मार्ग अब जानलेवा साबित हो रहा है।
प्रशासन को चेतावनी:
इस घटना के बाद क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों में गहरा रोष है। रमेश कश्यप और मिथलेश यादव ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस गड्ढे की मरम्मत कराए और पूरे खंड की गुणवत्ता की जांच करे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क दुरुस्त नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


0 Comments