युवाओं का जज्बा: संसाधनों के अभाव को दी मात, निजी खर्च और श्रमदान से बना डाला क्रिकेट पिच।
गोदरमाना (गढ़वा): कहते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों तो पहाड़ का सीना चीरकर भी रास्ता बनाया जा सकता है। गढ़वा जिले के रंका प्रखंड अंतर्गत गोदरमाना के युवाओं ने इस कहावत को सच कर दिखाया है। खेल के प्रति अटूट जुनून का परिचय देते हुए यहाँ के खिलाड़ियों ने सरकारी मदद का इंतजार करने के बजाय खुद के निजी कोष और कड़ाके की मेहनत से गोदरमाना स्कूल मैदान में एक शानदार कंक्रीट क्रिकेट पिच तैयार कर ली है।
पॉकेट मनी से संवारा खेल का भविष्य
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन अक्सर सुविधाओं के अभाव में ये प्रतिभाएं दम तोड़ देती हैं। गोदरमाना के युवाओं ने इस बाधा को पार करने का फैसला किया। उन्होंने अपनी पॉकेट मनी बचाकर और आपसी सहयोग से राशि जुटाई। पिच निर्माण के दौरान युवाओं ने न केवल आर्थिक योगदान दिया, बल्कि खुद फावड़ा और कुदाल उठाकर जमीन समतल करने से लेकर कंक्रीट ढालने तक का सारा काम 'श्रमदान' के जरिए पूरा किया।
इन 'खेल नायकों' ने पेश की मिसाल
पिच निर्माण के इस सामूहिक मिशन में रौशन गुप्ता, मिठू गुप्ता, करण यादव, अरुण गुप्ता, चुनूं चौबे, अभिनाश शुक्ला, हर्षित गुप्ता, राम यादव, आशुतोष गुप्ता, विनीत कुमार, गणेश कश्यप, गोलू कश्यप, लक्ष्मण यादव, लड्डू कुमार, गोयल कुमार और रोहित गुप्ता ने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। युवाओं की इस एकजुटता को देखकर स्थानीय ग्रामीण भी गदगद हैं और उनकी जमकर सराहना कर रहे हैं।
प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
युवाओं का कहना है कि पिच न होने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास में काफी कठिनाई होती थी। अब इस कंक्रीट पिच के बन जाने से न केवल क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास मिलेगा, बल्कि यहाँ से उभरते हुए खिलाड़ी जिला और राज्य स्तर पर भी अपनी चमक बिखेर सकेंगे।
"सीमित संसाधनों के बीच युवाओं की यह पहल पूरे गढ़वा जिले के लिए एक बड़ी मिसाल है।" —

0 Comments