आरटीआई के सवालों से मनिका स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप, युवा कांग्रेस नेता ने मांगा तीन साल का हिसाब।
लातेहार (मनिका):- लातेहार जिले के मनिका निवासी एवं युवा कांग्रेस जिला महासचिव मिथिलेश पासवान ने सिविल सर्जन लातेहार के पास एक आरटीआई आवेदन समर्पित कर सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनिका के बारे में पांच बिंदु पर आवश्यक सूचना की मांग की है।
मांगी गई सूचना में वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 के बीच 'मुख्यमंत्री रख-रखाव योजना' और 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' के तहत मिली राशि का पूरा ब्योरा, दवाओं की खरीद प्रक्रिया, आपूर्तिकर्ताओं के चयन का आधार और इन खर्चों से संबंधित समिति के निर्णयों की सत्यापित छायाप्रति मांगी गई है। साथ ही, आवेदक ने पिछले तीन वर्षों के तमाम खर्चों के भुगतान वाउचर और सरकारी निर्देशों की कॉपियां भी मांगी हैं, जिससे मनिका स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।मिथिलेश पासवान ने स्पष्ट किया है कि सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत इन जानकारियों को सार्वजनिक करना विभाग की जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता और रख-रखाव के नाम पर होने वाले खर्चों में पारदर्शिता की कमी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचनाओं में कोई वित्तीय अनियमितता या फर्जीवाड़ा सामने आता है, तो वे इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों और लोकायुक्त से करेंगे।वर्तमान में, इस आरटीआई आवेदन के बाद स्वास्थ्य विभाग के बाबू और अधिकारी फाइलों को खंगालने और अपने जवाब तैयार करने में जुट गए हैं। क्षेत्र के लोगों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि करोड़ों के इस स्वास्थ्य बजट का सच कब तक सामने आता है।

0 Comments