विधायक रामचंद्र सिंह ने विद्यालय के विकास का दिया भरोसा।
झारखंड (लातेहार) – लातेहार जिला के मनिका में स्थानीय मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में शुक्रवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनिका विधायक रामचंद्र सिंह उपस्थित हुए। विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र नाथ मिश्रा ने उन्हें पुष्प गुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों और मेधावी छात्रों के अभिभावकों को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा शिक्षा ही समाज के विकास का आधार है। हमारे क्षेत्र के बच्चे बहुत प्रतिभावान हैं और विद्यालय को बेहतर बनाने के लिए मैं हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन देता हूँ। वहीं, प्रधानाचार्य जितेंद्र नाथ मिश्रा ने स्कूल की राज्य व जिला स्तरीय उपलब्धियों की जानकारी दी और बच्चों की नियमित उपस्थिति पर जोर दिया। उन्होंने विधायक को अवगत कराया कि छात्र दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं, इसलिए विद्यालय परिसर में छात्रावास की सुविधा होने से बच्चों को पढ़ाई का और भी बेहतर माहौल मिल सकेगा। बैठक में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

0 Comments