Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

Responsive Advertisement

सांप के काटने से महिला की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा माँ का साया।

 दो बच्चों का राशन कार्ड में नाम भी नहीं।

गढ़वा: गढ़वा जिला के भंडरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लीलापाथर गांव में एक हृदयविदारक घटना घटी है। यहाँ के निवासी सुमंत राम की 27 वर्षीय पत्नी अनीता देवी की सांप के काटने से इलाज के दौरान मौत हो गई।

        फोटो – मृतक महिला अनीता देवी 

​कैसे हुई घटना:–

जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार (4 तारीख) को अनीता देवी दो अन्य महिलाओं के साथ राजबली यादव के सरसों के खेत में बथुआ साग तोड़ने गई थीं। इसी दौरान 'जाड़ा बहिरा' नामक जहरीले सांप ने उनके पैर में काट लिया। गांव में उचित इलाज की सुविधा न होने के कारण उन्हें तत्काल झारखंड-छत्तीसगढ़ बॉर्डर स्थित रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें गुरुवार को बनारस (BHU) हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। आज उनका शव गांव लाया गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया।

​परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:–

मृतिका के पति सुमंत राम ने रुआंसे गले से बताया कि वह बाहर प्लांट में काम करते हैं। उन्होंने अपनी पत्नी को बचाने के लिए लाखों रुपए खर्च किए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सुमंत ने बताया कि उनके तीन छोटे बच्चे—राधिका (8 वर्ष), पायल (6 वर्ष) और रोहित (4 वर्ष)—हैं, जिनके सिर से अब माँ का साया हमेशा के लिए उठ गया है। ये तीनों बच्चे उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय लीलापाथर में पढ़ते हैं। विडंबना यह है कि राशन कार्ड में अभी तक उनके दो बच्चों के नाम भी नहीं जुड़े हैं। 

              फोटो – मृतक महिला छोटे – छोटे बच्चे।

​प्रशासन का आश्वासन:–

इस संबंध में भंडरिया अंचल पदाधिकारी राकेश भूषण सिंह ने बताया कि सर्पदंश से मृत्यु होने पर सरकारी प्रावधान के अनुसार पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाती है। इसके लिए परिजनों को एक आवेदन के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट और थाना की रिपोर्ट जमा करनी होगी, जिसे आगे जिला कार्यालय भेज दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments