मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय मनिका में नामांकन हेतु प्रवेश परीक्षा संपन्न, छात्रों में दिखा भारी उत्साह।
मनिका (लातेहार) – रविवार को स्थानीय मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (मॉडल स्कूल), मनिका में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु नामांकन प्रवेश परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ। कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों में अभूतपूर्व हर्ष और उत्साह देखा गया। विद्यालय प्रशासन द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 446 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 384 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिससे कुल 86 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा केंद्र के केंद्राधीक्षक सह प्रधानाचार्य जितेंद्र नाथ मिश्रा ने जानकारी दी कि संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया अत्यंत शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में पूर्ण हुई। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा और परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक और पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए थे। अंत में, विद्यालय प्रशासन ने इस सफल आयोजन में अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान करने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और जागरूक अभिभावकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

0 Comments