प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़गड़ में गुरुवार को स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया।
बड़गड़ (गढ़वा )- गढ़वा जिला के बड़गड़ प्रखण्ड में गुरुवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख शांति देवी, उप-प्रमुख दिपिका खलखो, सांसद प्रतिनिधि आनंद सोनी, जीप सदस्य प्रतिनिधि राधेश्याम जयसवाल एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। स्वास्थ्य मेला में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मलेरिया, फाइलेरिया, अंधापन, एनसीडी, यक्ष्मा, कुष्ठ रोग, परिवार नियोजन एवं आयुष्मान कार्ड से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा मरीजों की निशुल्क जांच, परामर्श एवं दवा वितरण किया गया। इस स्वास्थ्य मेला में बड़गड़ प्रखंड के विभिन्न गांवों महिला एवं पुरुषों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख शांति देवी ने कहा कि झारखंड सरकार का उद्देश्य अंतिम गांव के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इस तरह के स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया है। वहीं सांसद प्रतिनिधि आनंद सोनी ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य मेला गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं, जहां उन्हें बेहतर इलाज के साथ निशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस अवसर पर प्रखंड लेखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक रमाकांत राय, डॉ. अजय सिंह पटेल, डॉ. एस.आई. खान, दंत चिकित्सक कुमारी सुधा, आयुष चिकित्सक प्रभात कुमार, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सीएचओ सहित संदीप गुप्ता, मोहन सिंह, संजय पनिका, स्वास्थ्य सहिया सहित दर्जनों स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

0 Comments